जन संवाद में प्रखंड से संबंधित बताई गई समस्याओं/आवश्यकताओं के आलोक में योजना को लेकर की गई चर्चा, संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को दिया गया आवश्यक दिशा निदेश
संजीव कुमार बिट्टू
नालंदा
आज राजगीर प्रखंड के लोदीपुर एवं बसुऐन में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं आम लोगों द्वारा प्रखंड से संबंधित मुख्य समस्याओं/आवश्यकताओं के बारे में बताया गया।
इन समस्याओं के समाधान तथा अन्य आवश्यकताओं से संबंधित योजनाओं की फिजिबिलिटी को लेकर जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक किया।
उच्च विद्यालय बसुऐन के खेल मैदान का विकास मनरेगा के माध्यम से कराया जा रहा है।इसका आज स्थानीय मुखिया जी द्वारा कार्यारंभ किया गया।
प्रखंड की कुछ पंचायतों में पेय जल की योजना के संबंध में कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा बताया गया कि प्रखंड अंतर्गत 8 नई योजनाएं विभाग द्वारा स्वीकृत की गई है। इन योजनाओं का कार्य दिसंबर माह से आरंभ हो जायेगा जिससे संबंधित पंचायतों में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी। भुई पंचायत में बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त करने के लिए कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्त्ति को कार्रवाई का निदेश दिया गया।
सरस्वती नदी के एक भाग के अवरुद्ध होने के कारण नई पोखर की तरफ पानी नहीं जाने की बात संज्ञान में लाई गई।जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद राजगीर को अविलम्ब कार्रवाई का निदेश दिया।
जनसंवाद में संज्ञान में लाई गई अन्य मांगों को लेकर भी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निदेश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर,भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता राजगीर, विभिन्न संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जन प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।