संजीव कुमार बिट्टू
नालंदा (राजगीर)
अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में जल जमाव से परेशान मोहल्ले वासियों ने बुधवार को सड़क जाम कर दी। जिसके कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामला राजगीर के कैलाश आश्रम के समीप की है। यह सड़क राजगीर को गिरियक से जोड़ती है।
मोहल्ले वासियों ने बताया कि मानसुनी बारिश के कारण कैलाश आश्रम के आसपास के मोहल्ले में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है कई घरों,दुकानों और प्रतिष्ठानों में बारिश का पानी प्रवेश कर चुका है। यह सिलसिला दो दिनों से बना हुआ है। नगर परिषद के जेई, कार्यपालक अभियंता, एसडीओ समेत तमाम अधिकारियों को फोन किया जा चुका है कई अधिकारी तो फोन तक रिसीव करना मुनासिब नहीं समझ रहें हैं तो कई अधिकारी को जानकारी देने के उपरांत भी उनकी समस्या सुनने देखने नहीं पहुंचे है। जल जमाव के कारण दुकानों में रखा सामान खराब हो गया है।
जल जमाव की समस्या ने राजगीर नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। लगभग पूरे राजगीर में बारिश की वजह से जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। बरसात के मौसम के पूर्व लाखों रुपया खर्च कर नालों की उड़ाही कराई जाती है। बावजूद जल जमाव की समस्या बनी रहती है। तकरीबन राजगीर नगर परिषद के द्वारा राजगीर के साफ सफाई और नालों की साफ सफाई के लिए 50 लाख रुपए से अधिक की राशि प्रति महीने खर्च की जाती है।
वहीं इस मामले में राजगीर थाना अध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि जल जमाव की समस्या को लेकर मोहल्ले वासियों ने सड़क जाम कर दी है। मौके पर पुलिस पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है। नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मियों को जल जमाव के बारे में जानकारी दे दी गई है।