संजीव कुमार बिट्टू
नालंदा
बिहारशरीफ। रविवार को, नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से बिहारशरीफ शहरी क्षेत्रों में एक पैदल फ्लैग मार्च किया।
यह फ्लैग मार्च बिहारशरीफ श्रम कल्याण मैदान से शुरू होकर भैंसासुर चौक, अंबेर मोड, नई सराय, खंदक रोड, पुलपर, कांटा पीओपी, शालू गंज, नदी मोड, सोहरा कॉलेज, गगन दीवान, लहेरी थाना, भराव पर होते हुए फिर से श्रम कल्याण मैदान के पास समाप्त हुआ।
इस मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में शांतिपूर्ण, उत्सवपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा को संपन्न कराना है। इस दौरान मनचलों, असामाजिक तत्वों, लहरिया बाइकर्स, और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल, शौचालय और ठहरने की व्यवस्था की गई है। दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग की व्यवस्था, साफ-सफाई, और स्वयंसेवकों की समुचित व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया है।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अन्य अधिकारियों के साथ-साथ महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी शामिल थे, जिन्होंने इस महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी तत्परता दिखाई।